अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के डोमन बंजरिया गांव के सामने नहर की पटरी पर सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नहर के सायफन के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​शौच के लिए निकले ग्रामीणों की पड़ी नजर

​मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए नहर की तरफ निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर की पटरी के पास झाड़ियों में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। झाड़ियों में शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कुचायकोट थाना पुलिस को दी। सूचना पाते ही थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

​प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर के अलावा कोई अन्य वस्त्र नहीं था। घटना के वक्त युवक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। शव वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और युवक की मौत किन कारणों से हुई, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

​पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

​इस सनसनीखेज घटना की जानकारी कुचायकोट थाना प्रभारी दर्पण सुमन ने वरीय पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने की कोशिशों में जुटी हुई है। इसके साथ ही हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य दुर्घटना जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक मौत की वजह को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका हुआ मिला दोनों का शव