चंडीगढ़: ‘मैं अपनी पसंद से शादी कर रही हूं और मैं प्रेग्नेंट भी हूं…’ बेटी के मोबाइल से आए इस मैसेज ने राजस्थान के एक परिवार को अचानक चिंता और हैरानी में डाल दिया था। परिवार को लगा कि बेटी ने अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू करने का फैसला कर लिया है। लेकिन करीब दो महीने बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। जिस सुशीला के नई जिंदगी शुरू करने की बात कही जा रही थी, उसका शव हरियाणा के झज्जर में एक नहर से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में अब इस मामले में उसके कथित प्रेमी संदीप राजपूत को गिरफ्तार किया गया है।

मामला राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना का है। करीब 30 वर्षीय सुशीला नीमराना की एक निजी कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान संदीप राजपूत से हुई। दोनों के बीच करीब दो साल से संबंध बताए जा रहे हैं। पिछले करीब चार महीने से दोनों नीमराना में किराए का कमरा लेकर साथ रह रहे थे।
जिस शख्स पर भरोसा किया, वह पहले से था शादीशुदा
पुलिस जांच में सामने आया कि सुशीला जिस संदीप के साथ रह रही थी, वह पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि सुशीला को बाद में संदीप की शादी और बच्चों के बारे में जानकारी हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी।
इसके बाद 30 जून 2026 को किराए के कमरे में दोनों के बीच कहासुनी हुई। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान संदीप ने कथित तौर पर कमरे में रखे डंडे से सुशीला के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह बेहोश हो गई।
कमरे से जंगल तक… फिर गला घोंटकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, सिर पर वार के बाद संदीप सुशीला को अपनी कार में लेकर नीमराना के आसपास के जंगल में गया। आरोप है कि वहां उसने गला घोंटकर सुशीला की हत्या कर दी।
इसके बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर राजस्थान से हरियाणा की ओर ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, संदीप ने झज्जर जिले के सिलानी गांव के पास ड्रेन नंबर-8 में शव फेंक दिया और वहां से चला गया।
2 जुलाई को नहर में मिली थी अज्ञात युवती की लाश
2 जुलाई को झज्जर पुलिस को ड्रेन नंबर-8 से एक युवती का शव मिला था। उस समय उसकी पहचान नहीं हो सकी। शव की शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद 5 जुलाई को उसका लावारिस के तौर पर अंतिम संस्कार कर दिया।
उधर राजस्थान में सुशीला के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। काफी समय तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद 21 अगस्त को उसके मामा ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शादी और प्रेग्नेंसी वाले मैसेज ने खोला राज
जांच के दौरान सुशीला के मोबाइल से भेजे गए उस मैसेज ने पुलिस का ध्यान खींचा, जिसमें उसने अपनी पसंद से शादी करने और प्रेग्नेंट होने की बात कही थी। इसके बाद फोन बंद हो गया और सुशीला का कोई पता नहीं चला।
जांच आगे बढ़ी तो शक संदीप राजपूत पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में संदीप ने सुशीला की हत्या की बात कबूल कर ली।
इसके बाद पुलिस ने झज्जर में मिली अज्ञात युवती की तस्वीरें और अन्य जानकारी परिजनों के सामने रखी। परिजनों ने उसकी पहचान सुशीला के रूप में की। इस तरह करीब दो महीने से लापता सुशीला की तलाश का अंत उसकी हत्या की खौफनाक कहानी के रूप में हुआ।
7 दिन की पुलिस रिमांड, अब इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
झज्जर पुलिस ने आरोपी संदीप राजपूत को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल डंडे, आरोपी की कार और घटनाक्रम से जुड़े दूसरे साक्ष्यों की तलाश कर रही है।
जांच में यह भी अहम सवाल बना हुआ है कि सुशीला के मोबाइल से भेजा गया शादी और प्रेग्नेंसी वाला मैसेज वास्तव में उसी ने भेजा था या हत्या के बाद किसी ने परिवार को गुमराह करने के लिए उसके फोन से यह मैसेज किया था। पुलिस इसी कड़ी को जोड़ने में भी जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


