Bihar Crime: बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र में आज बुधवार की सुबह एक अधेड़ युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पकड़ी ढाला गांव के पास हड़बोड़ा नदी किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

मंगलवार की शाम से लापता था मृतक

मृतक की पहचान पकड़ी ढाला निवासी 55 वर्षीय विंध्यांचल महतो के रूप में हुई है, जिसका शव डीएवी स्कूल के पीछे स्थित छठ घाट के पास मिला। मृतक के परिजनों ने बताया कि विंध्यांचल महतो कल मंगलवार शाम करीब चार बजे घर से निकले थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने नदी किनारे शव देखा और इसकी सूचना पुलिस के साथ-साथ परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

मानसिक रूप से अस्वस्थ था मृतक

परिवार का कहना है कि विंध्यांचल महतो मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। वहीं, स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार बारिश के कारण हड़बोड़ा नदी का जलस्तर बढ़ गया था। आशंका है कि नदी किनारे चलते समय उनका पैर फिसल गया और डूबने से उनकी मौत हो गई।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर दारोगा रामजी पासवान भी पहुंचे और जायजा लिया। घटना को लेकर शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- आकाशीय बिजली से 3 की मौत, नेपाल की बारिश ने नदियों का जलस्तर बढ़ाया