अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के बरौली थाना क्षेत्र स्थित नवादा गांव में आज शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान शोहरत अली के रूप में की गई है, जो मूल रूप से सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के बसाव रफी टोला का रहने वाला था।

​मामा के घर रहता था मृतक

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शोहरत अली पिछले करीब 20 वर्षों से अपने मामा मामून रसीद उर्फ अगलु के घर नवादा गांव में ही रह रहा था। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण गांव के समीप से गुजर रहे थे, तब उन्होंने एक पेड़ से शोहरत का शव लटकते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और स्थानीय बरौली थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया।

मानसिक तनाव में था मृतक

इस घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, शोहरत अली अपने मामा के गांव नवादा में ही जमीन खरीदकर अपना घर बनाना चाहता था। इसके लिए उसने गांव के ही एक व्यक्ति को जमीन की रजिस्ट्री के लिए पैसे भी दे दिए थे। आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी उक्त व्यक्ति द्वारा जमीन का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया और न ही पैसे वापस किए जा रहे थे। इस वजह से शोहरत पिछले कुछ समय से काफी मानसिक तनाव में रह रहा था। परिजन इस मौत को इसी जमीन विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। मामले को लेकर बरौली थाना पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि रिपोर्ट आने के बाद यदि इसमें किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बिहार में लौंडा डांसर की गोली मारकर हत्या, सुनसान जगह पर जाने से मना करने पर बदमाशोंं ने…