अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में पानी से भरे एक गड्ढे से एक इंटर की छात्रा का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पूरा मामला दावथ थाना क्षेत्र के क्वाथ का है। परिजन ने छात्रा के हत्या की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार बीते बुधवार की शाम इटवा की रहने वाली मनीषा कुमारी ट्यूशन पढ़ने के लिए क्वाथ बाजार गई हुई थी। लेकिन देर रात तक वह वापस घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी।

पुलिस भी नहीं लगा पाई छात्रा का पता

परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब छात्रा का कुछ पता नहीं चला तो परेशान होकर परिजनों ने छात्रा के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी लापता छात्रा मनीषा के पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को भी इस मामले में सफलता हाथ नहीं लगी।

पानी भरे गड्ढे से बरामद हुआ शव

इस बीच कल गुरुवार की देर शाम क्वाथ में ही एक पानी से भरे गड्ढे से एक युवती का शव बरामद हुआ। जिसकी पहचान लापता छात्रा मनीषा के रूप में हुई। मृतका दावथ थाना क्षेत्र के इटवा के रहने वाले बादशाह सिंह की पुत्री थी। बड़ी बात यह है कि मनीषा पिछले साल मैट्रिक की परीक्षा में पूरे दावथ प्रखंड में टॉपर थी। वह पढ़ाई लिखाई में काफी सक्रिय थी आम दिनों की तरह भी वह बुधवार की शाम ट्यूशन पढ़ने गई। लेकिन फिर वापस नहीं लौटी।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

छात्रा का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह कोई हादसा है या फिर घटना? पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का भी इंतजार है, जिससे यह पता चल सकेगा की छात्रा की मौत आखिर किस वजह से हुई है। इसके आधार पर ही पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी।

ये भी पढ़ें- वैन से बछड़ा ले जा रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने जमकर पीटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला?