अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सासाराम के नगर थाना क्षेत्र के चंद्रवंशी नगर में एक पिकअप वैन पर एक गाय का बछड़ा लेकर जा रहे दो युवकों की ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई कर दी। लोगों की पिटाई से इरफान कुरैशी तथा फैजान रजा नामक दो युवक घायल हो गए। फिलहाल दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल लाया गया है।

सड़क पर गिरे बछड़े को घसीटते रहे आरोपी

घटना के बारे में बताया जाता है कि सासाराम मुरादाबाद के रहने वाले इरफान कुरैशी तथा फैजान रजा एक पिकअप वैन में गाय का बछड़ा को बांधकर ले जा रहा था। लेकिन चलती हुई पिकअप वैन में रस्सी से बंधा हुआ बछड़ा अचानक नीचे सड़क पर कूद गया। बछड़ा के नीचे कूदने के बावजूद पिकअप वैन नहीं रुक तथा काफी दूर तक बछड़ा को पिकअप वैन घसीटता रहा, जिसे देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया तथा गाड़ी को घेर कर पिकअप वैन को रोक दिया तथा पिकअप वैन पर सवार दोनों युवकों को पकड़ के जमकर पिटाई कर दी।

पुलिस ने दोनों युवकों को किया गिरफ्तार

सड़क पर घसीटे जाने से बछड़ा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए पशु अस्पताल भेजा गया। सूचना पर नगर थाना की पुलिस तथा सासाराम के एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बूझाकर मामले को शांत किया। साथ ही पशु अत्याचार अधिनियम के तहत दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। बछड़े को किस उद्देश्य से गाड़ी में ले जाया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है तथा कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- यात्री के भेस में घूम रहे लुटेरे! रोहतास में ऑटो चालक को गोली मार लूट ले गए नकदी, मोबाइल और वाहन