सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को एक के बाद एक कई धमाकों से हड़कंप मच गया। खास बात यह रही कि ये विस्फोट उस समय हुए, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से अहम मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। धमाकों की आवाज राष्ट्रपति भवन के नजदीक स्थित फोर सीजन्स होटल के आसपास सुनाई दी, जहां सीरियाई मीडिया के मुताबिक मैक्रों ठहरे हुए थे।

धुएं का गुबार, जलती कार और खून से सनी सड़कें

सरकारी मीडिया ने एक अज्ञात सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि राजधानी के मध्य क्षेत्र में हुए दोनों धमाके विस्फोटक उपकरणों के जरिए किए गए। घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता देखा गया, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक कार जलती हुई और सड़क पर खून के निशान दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल हताहतों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई है और किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

कुछ दिन पहले भी हुआ था बड़ा हमला

यह घटना कुछ दिनों पहले दमिश्क के जस्टिस पैलेस के पास स्थित एक कैफे में हुए विस्फोट के बाद सामने आई है। उस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार उस हमले की जिम्मेदारी भी किसी संगठन ने नहीं ली थी।

जांच तेज, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

धमाकों के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। दमिश्क के गवर्नर माहेर इद्लिबी ने कहा कि गृह मंत्रालय जल्द ही प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी करेगा। उनके मुताबिक शुरुआती जांच में इस्तेमाल किया गया विस्फोटक उपकरण साधारण प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमले के जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m