महाराष्ट्र के डोंबिवली से शादी का झांसा देकर महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। विष्णुनगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर से 48 वर्षीय अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसा रहा था। फिलहाल पुलिस उसके पूरे नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जांच में जुटी है।

अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को बनाता था शिकार

जांच में सामने आया कि आरोपी शादी डॉट कॉम, मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और अखबारों में प्रकाशित वैवाहिक विज्ञापनों के माध्यम से महिलाओं से संपर्क करता था। वह विशेष रूप से अकेली रहने वाली, विधवा, तलाकशुदा या जिनके बच्चे विदेश में रहते थे, ऐसी महिलाओं को निशाना बनाता था। पहले वह भरोसा जीतता, फिर शादी का वादा कर आर्थिक लाभ उठाता था।

73 वर्षीय महिला से 57 लाख रुपये की ठगी

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 73 वर्षीय महिला से दोस्ती कर पहले उसके घर से जेवरात चुरा लिए। इसके बाद महिला के नाम पर नया सिम कार्ड जारी कराया और पुणे की एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में घर दिलाने का झांसा देकर उसका मकान बिकवा दिया। इस पूरी साजिश के जरिए आरोपी ने महिला से करीब 57 लाख रुपये की ठगी की।

दूसरे नाम के सिम से छिपाता था पहचान

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए दूसरी महिलाओं के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस तरीके से उसने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।

पुलिस के अनुसार आरोपी कई महिलाओं से नकदी और जेवरात लेने के अलावा कुछ मामलों में उनके नाम पर कर्ज भी दिलवाता था। जांच के दौरान एक पीड़िता ने यौन शोषण का आरोप भी लगाया है, जिसकी जांच जारी है।

कई जिलों में दर्ज हैं मामले

विष्णुनगर पुलिस करीब एक साल से आरोपी की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर उसे सीतापुर से गिरफ्तार किया गया। अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्यों में भी उसने इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया है या नहीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m