Cockroach Janta Party Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदर्शन को लेकर पार्टी समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत लौट चुके हैं और आज अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे। दिल्ली पुलिस ने CJP को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति दी है। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है।

जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने जंतर-मंतर के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया है। नई दिल्ली जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और हजारों पुलिसकर्मियों तथा अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। नई दिल्ली क्षेत्र को कई सुरक्षा जोन में बांटा गया है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जंतर-मंतर पर जुट रही भीड़ और प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, खुफिया एजेंसियां और अन्य सुरक्षा इकाइयां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

CJP प्रदर्शन के दौरान संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में

जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने की कथित कोशिश कर रहे एक अज्ञात व्यक्ति को सुरक्षाबलों ने हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यक्ति अपने साथ एक स्प्रे लेकर प्रदर्शनकारियों की भीड़ के बीच प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा कर्मियों ने उसे संदिग्ध गतिविधि के आधार पर तुरंत रोक लिया और मौके से हटाकर पूछताछ के लिए अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस उसके इरादों और पहचान की जांच कर रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।

इस बीच, जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रदर्शनकारियों को निर्धारित शर्तों का पालन करने की चेतावनी दे रही है। पुलिस की ओर से घोषणा की गई है कि प्रदर्शन के लिए तय सीमा से बाहर जाने या संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को तत्काल हिरासत में लिया जाएगा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से निर्धारित क्षेत्र के भीतर ही अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की है।

PM आवास के पास बढ़ाई सुरक्षा

प्रदर्शन की गंभीरता और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली क्षेत्र को 12 सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के आवास, केंद्रीय गृहमंत्री के आवास और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के आसपास स्थित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, विशेष सुरक्षा इकाइयों और निगरानी टीमों को तैनात किया गया है। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों और कंट्रोल रूम के जरिए भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भीड़ की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

जंतर-मंतर पर बढ़ रही प्रदर्शनकारियों की भीड़, ड्रोन से निगरानी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर जंतर-मंतर पर लगातार लोगों की संख्या बढ़ रही है। प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले सभी प्रवेश मार्गों पर दिल्ली पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर रखी है। बैरिकेडिंग प्वाइंट्स पर सघन जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो। वहीं आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए संसद मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मोर्चा संभाले हुए हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियां प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग कर रही हैं। इसके अलावा जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर कई स्तरों की सुरक्षा घेराबंदी की गई है। लोहे और कंक्रीट के मजबूत बैरिकेड्स लगाकर प्रवेश को नियंत्रित किया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनधिकृत आवाजाही को रोका जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m