दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में कुतुब रोड स्थित सरन बिल्डिंग में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर रैकेट संचालित करने का आरोप है। वहीं, 4 महिलाओं को मौके से सुरक्षित छुड़ाया गया है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट यूनिट और नबी करीम थाने की संयुक्त टीम द्वारा की गई। दिल्ली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसके बाद यह अवैध गतिविधि सामने आई। छापेमारी के दौरान मौके से आपत्तिजनक गतिविधियों के संकेत मिले, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 11 जून 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे एक मुखबिर ने नबी करीम थाने के एसएचओ को पहाड़गंज इलाके की कुतुब रोड पर स्थित एक बिल्डिंग से कथित तौर पर चल रहे सेक्स रैकेट की जानकारी दी। एसएचओ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक रेडिंग टीम बनाई और उचित कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस सब-इंस्पेक्टर हर्ष, महिला एसआई श्रुति, हेड कॉन्स्टेबल सुनील अधाना ,हेड कॉन्स्टेबल विकास, कॉन्स्टेबल धनसी, कॉन्स्टेबल फेरू, महिला कॉन्स्टेबल निशु टीम में शामिल थे।

पुलिस टीम ने नकली ग्राहक पैंतरे से की कार्रवाई

पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा दी गई सूचना की पुष्टि करने के लिए कॉन्स्टेबल फेरू को नकली ग्राहक बनाकर बिल्डिंग में भेजा। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने छापेमारी की और कथित सेक्स रैकेट में शामिल 29 वर्षीय शाहरुख को गिरफ्तार किया। शाहरुख दिल्ली के लक्ष्मी नगर का रहने वाला है। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं को भी सुरक्षित छुड़ाया और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रैकेट में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

बिल्डिंग मालिक पर भी FIR दर्ज

पुलिस ने बिल्डिंग मालिक और मुख्य आरोपी के खिलाफ अलग-अलग FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, द्वारका निवासी 58 वर्षीय बिल्डिंग मालिक हरिकिशन उर्फ राजू चैंपियन के खिलाफ भी अलग से FIR दर्ज की गई है। वहीं, मुख्य आरोपी 29 वर्षीय शाहरुख के खिलाफ नबी करीम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बिल्डिंग से चार महिलाओं को सुरक्षित छुड़ाया। इनमें एक की उम्र 20 वर्ष, दूसरी की 25 वर्ष, तीसरी की 31 वर्ष और चौथी की 34 वर्ष बताई गई है। सभी को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

पुलिस शाहरुख का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही

दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में पकड़े गए आरोपी शाहरुख से कथित सेक्स रैकेट संचालित करने और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उसकी पिछली आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे रैकेट का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के साथ ही सभी आवश्यक तथ्यों को स्थापित करने के लिए जांच गहनता से की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m