अजयारविंद नामदेव, शहडोल। सड़क आम लोगों की सुविधा के लिए होती है, लेकिन शहडोल के बकहो नगर परिषद क्षेत्र में अब एक सड़क को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने NHAI को पत्र लिखकर NH-43 के एक मीडियन कट को बंद कराने की मांग की है, जबकि स्थानीय भाजपा नेता और पार्षद पति सरोज यादव ने इसका विरोध करते हुए इसे वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते को बंद कराने की कोशिश बताया है। ऐसे में सड़क का मुद्दा अब सुविधा से निकलकर सियासत का विषय बनता नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें: उफनते नदी-नालों के बीच ‘खतरनाक सेल्फी’! चेतावनी दरकिनार कर रील्स बना रहे युवा, मंडराया बड़े हादसे का खतरा
जिलाध्यक्ष का पत्र: ‘हादसे रोकने मीडियन कट बंद करे NHAI’
दरअसल भाजपा जिलाध्यक्ष अमिता चपरा ने 7 अगस्त 2026 को NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, रीवा को पत्र भेजा है। पत्र में NH-43 के चैनेज नंबर 165 और 166 के बीच बने मीडियन कट को बंद करने की मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि इस मीडियन कट से ओरिएंट पेपर मिल, अमलाई, बकहो क्षेत्र की एक सड़क जुड़ती है। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि इस स्थान पर तेज रफ्तार वाहनों और छोटे वाहनों के बीच टक्कर की घटनाएं हो चुकी हैं और यहां ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनी रहती है। इसी आधार पर मीडियन कट को बंद करने का आग्रह किया गया है।
भाजपा नेता का विरोध: ‘सड़क सुरक्षा नहीं, व्यक्तिगत खुन्नस का नतीजा’
लेकिन इस मांग का भाजपा अंत्योदय समिति के सदस्य एवं वार्ड नंबर 14 के पार्षद पति सरोज यादव ने विरोध किया है। उनका कहना है कि जिस सड़क को बंद कराने की बात कही जा रही है वह करीब 50 वर्षों से अस्तित्व में है और सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ती है। इसे बंद करने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित होगी।
सरोज यादव ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई किसी यातायात व्यवस्था के बजाय पुरानी व्यक्तिगत खुन्नस का परिणाम है। उनका दावा है कि वाटर पार्क के लिए जा रही 33 केवी बिजली लाइन को निजी भूमि से हटाकर नेशनल हाईवे के बीच से ले जाने का विरोध उन्होंने और अन्य लोगों ने किया था। आरोप है कि उसी विवाद के चलते अब सड़क बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है।
चार दशक पुरानी आवाजाही और सड़क सुरक्षा के बीच अब टकराव की स्थिति बन गई है। एक तरफ भाजपा जिलाध्यक्ष ने हादसों और जाम का हवाला देते हुए NH-43 के मीडियन कट को बंद करने की मांग उठाई है तो दूसरी तरफ यदि यह रास्ता बंद होता है तो वर्षों से इसका इस्तेमाल कर रहे स्थानीय लोगों के सामने आवागमन की नई चुनौती खड़ी हो सकती है। ऐसे में अब निगाहें NHAI की कार्रवाई पर टिकी हैं। फिलहाल इस मीडियन कट को लेकर शहडोल में सवालों और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
ये भी पढ़ें: सरकारी स्कूल बना बीजेपी कार्यालय! ब्लैक बोर्ड पर ‘क ख ग’ की जगह लिखी गई रणनीति, वायरल तस्वीरों से उठे सवाल
जिलाध्यक्ष की सफाई: ‘सड़क बंद करना नहीं, सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना है मकसद’
वही इस पूरे मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपने पक्ष कहा कि लोगो का काम है कहना मेरा उद्देश्य सड़क को पूरी तरह बंद करना कभी नहीं रहा, मैंने केवल NHAI से यह आग्रह किया है कि तिराहे पर बने इस एक्सीडेंटल स्पॉट से कट को थोड़ा आगे स्थानांतरित किया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित कट और मार्ग मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


