अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। ब्यौहारी पुलिस ने देवलोंद और जयसिंहनगर थाना पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर करीब 4 क्विंटल अवैध गांजा, तीन लग्जरी कार और 7 मोबाइल फोन जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त माल की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्यौहारी-सीधी मार्ग से लग्जरी वाहनों के जरिए भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ब्यौहारी, देवलोंद और जयसिंहनगर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मंटोला के पास घेराबंदी कर दी।
कार्रवाई के दौरान सबसे पहले एक बलेनो कार को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर 106 किलो गांजा बरामद हुआ, वाहन में सवार आरोपी शेखर शुक्ला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद XL6 कार से 170 किलो गांजा के साथ राजकुमार गुप्ता को पकड़ा गया। वहीं तीसरी कार्रवाई में XUV 300 वाहन से 123 किलो गांजा बरामद करते हुए आरोपी रामप्रकाश पटेल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी मदद से तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह खंगाल रही है कि गांजे की यह बड़ी खेप किस राज्य से लाई गई थी और इसे किन शहरों तक पहुंचाया जाना था। इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

