अजयारविंद नामदेव, शहडोल। अपराधियों के सिर से पुलिस का डर तो पहले ही गायब था, लेकिन अब उनके मन से ईश्वर का खौफ भी खत्म हो चुका है। बेखौफ चोर अब आस्था के केंद्रों को निशाना बनाने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताजा और हैरान कर देने वाला मामला मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां वार्ड क्रमांक-9 स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में एक नकाबपोश चोर ने देर रात दुस्साहस करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें: ‘कमाते दोनो हो, दो तुम भी!’ 50 हजार रुपये मेंटनेंस मांगने पहुंची पत्नी को कोर्ट ने दिया झटका

मुंह पर कपड़ा बांधकर आया चोर, त्रिशूल-एम्प्लीफायर लेकर रफूचक्कर

अब चोरों को न पुलिस का डर है, न भगवान का खौफ, जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-9 स्थित दुर्गा मंदिर में देर रात एक नकाबपोश चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ, सीसीटीवी फुटेज में वह पहले मंदिर परिसर में इधर-उधर घूमते हुए नजर आता है, इसके बाद मौका देखकर मंदिर में रखे एम्प्लीफायर, मिक्सर मशीन और त्रिशूल लेकर फरार हो जाता है। चोरी की यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

श्रद्धालुओं में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

सुबह जब मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सदस्यों ने सामान गायब देखा तो हड़कंप मच गया, इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई। घटना की सूचना जयसिंहनगर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि जब धार्मिक स्थलों तक चोरों की पहुंच हो गई है तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।

ये भी पढ़ें: Jal Jeevan Mission: CAG रिपोर्ट के बाद कांग्रेस का करारा हमला, BJP बोली- ‘भ्रम फैलाना विपक्ष का काम’

पुलिस का दावा- जल्द किया जाएगा गिरफ्तार

फिलहाल जयसिंहनगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान करने में जुटी हुई है। वही इस मामले में जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा का कहना है कि मामला अभी संज्ञान में आया है ,मामले की तफ्तीश कर  मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा…

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m