अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल से एक अजीबोगरीब तस्वीर सामने आई है। जहां भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह केंद्रीय बजट पर सरकार की उपलब्धियां गिनाने शहडोल पहुंचीं, लेकिन पूरी पत्रकार वार्ता मोबाइल की टार्च की रोशनी में हुई। अंधेरे में टार्च जलाकर बजट का बखान तो हुआ, मगर UGC जैसे अहम मुद्दे पर सांसद ने चुप्पी साध ली।
केंद्रीय बजट को लेकर शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह की पत्रकार वार्ता उस वक्त चर्चा का विषय बन गई, जब भाजपा कार्यालय में बिजली नहीं होने के कारण पूरी वार्ता मोबाइल की टॉर्च जलाकर अंधेरे में आयोजित की गई। टॉर्च की रोशनी में सांसद ने केंद्रीय बजट की खूबियां गिनाईं और सरकार की नीतियों को जनहितकारी बताया, लेकिन यूजीसी से जुड़े सवालों पर उन्होंने साफ तौर पर जवाब देने से परहेज किया।
ये भी पढ़ें: कूनो नेशनल पार्क से आई खुशखबरी: मादा चीता आशा बनी मां, इस बार 5 शावकों को दिया जन्म, संख्या हुई 35, सीएम डॉ मोहन ने दी बधाई
केंद्रीय बजट को लेकर कही ये बात
भाजपा कार्यालय में आयोजित इस पत्रकारवार्ता में सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बजट में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी गई है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। सांसद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
UGC पर कहा- मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन
हालांकि पत्रकारों के UGC से जुड़े मुद्दों पर सवाल किए जाने पर सांसद ने स्पष्ट जवाब देने के बजाय चुप्पी साध ली। उन्होंने केवल इतना कहा कि सरकार ने सबके साथ न्याय और किसी के साथ अन्याय न हो की सोच के साथ UGC से संबंधित व्यवस्था बनाई है। साथ ही यह भी कहा कि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा।
ये भी पढ़ें: MP में आज से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी पंजीयन शुरू: कांग्रेस ने साधा निशाना, किसानों को भुगतान समय पर मिले, सरकार वादा निभाए
अंधेरे पर उठे सवाल
पत्रकारवार्ता का सबसे रोचक और हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि पूरी बैठक अंधेरे में मोबाइल की टॉर्च जलाकर की गई। यह दृश्य सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। कुल मिलाकर, जहां सांसद ने केंद्रीय बजट की तारीफों के पुल बांधे, वहीं UGC जैसे संवेदनशील मुद्दे पर उनकी चुप्पी और अंधेरे में हुई पत्रकारवार्ता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

