अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एमपी अजब है…और यहां के सरकारी निर्माण के कारनामे तो उससे भी गजब हैं। शहडोल में विकास की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां 4.5 किलोमीटर लंबी सड़क तो चमचमाती हुई बनकर तैयार हो गई, लेकिन बीच में आने वाली महज 100 मीटर की पुलिया बनाना भूल गए। आज तक पुलिया नहीं बन पाई, यानी सड़क दौड़ने के लिए तैयार है, लेकिन रास्ते में नदी आते ही पूरा विकास ठहर जाता है। बारिश में नदी उफान पर आती है तो ग्रामीण घंटों पानी उतरने का इंतजार करते हैं। अब सवाल उठ रहा है। जब सड़क को जोड़ने वाली पुलिया ही नहीं बनी, तो लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई यह सड़क आखिर किसके काम की।

यह बेहद ही हैरान कर देने वाला वाक्या आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले जनपद पंचायत बुढ़ार के ग्राम पंचायत टेघा से छिनमार मार्ग का है। जहां PWD की ओर से करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन मार्ग के बीच नदी पर प्रस्तावित करीब 100 मीटर लंबी पुलिया का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है। गर्मी में तो किसी तरह ग्रामीण नदी पार कर आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ते ही रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है।

ये भी पढ़ें: सड़क हादसे में डॉक्टर की मौतः अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, जांच में जुटी पुलिस

जरूरी हिस्से को छोड़ दिया अधूरा

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में उन्हें घंटों पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों पर पड़ता है। कई बार जरूरी काम होने के बावजूद लोग नदी के दूसरी तरफ फंस जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण की प्राथमिकता ही उलट कर रख दी गई, पहले नदी पर पुलिया बननी चाहिए थी, ताकि सड़क का आवागमन निर्बाध हो सके, लेकिन यहां सड़क तो तैयार कर दी गई और सबसे जरूरी हिस्से को अधूरा छोड़ दिया गया।

ग्रामीणों ने की ये मांग

अब ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क का एक छोटा-सा हिस्सा ही उसे उपयोगी बनाने के लिए जरूरी था, तो उसे छोड़कर पूरा निर्माण किस उद्देश्य से कराया गया। ग्रामीण जल्द पुलिया निर्माण शुरू कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि बारिश में उनका संपर्क न टूटे और सरकारी धन से बनी सड़क वास्तव में उनके काम आ सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m