अजयारविंद नामदेव, शहडोल। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई।  इस दौरान कुल 24 स्कूली वाहनों को जांच के दायरे में लिया गया। जिनमें से 3 वाहनों में नियमों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का अर्थदंड लगाया है।

ये भी पढ़ें: लेडी टीचर की अश्लील क्लास! छात्राओं से कहा- 4-5 बॉयफ्रेंड बनाओ प्रेग्नेंट हो जाओ, मर्डर की दी धमकी

फिटनेस, परमिट से लेकर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच

जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, इसमें वाहन का फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की स्थिति देखी गई। इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा के लिए वाहनों में उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। जांच के दौरान नियमों में कमी पाए जाने पर वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

‘बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’ – RTO संतोष पॉल

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने स्कूल बस संचालकों और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी स्कूली वाहनों के दस्तावेज अद्यतन और वैध रखे जाएं तथा वाहनों का नियमित रखरखाव कराया जाए।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर की ‘दंगल गर्ल्स’! जाबांज बहनों ने बीच सड़क की लुटेरे की धुनाई, SP ने किया सम्मानित

उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों से कहा कि बच्चों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए और चालक भी यातायात एवं परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करें। परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। ऐसे में नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहन संचालकों पर कार्रवाई की गाज गिरना तय माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m