अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में रेत माफिया अब कानून की सरहदें लांघ चुका है। वैध ठेका नहीं… लेकिन अवैध रेत का साम्राज्य पूरे जिले में फैला हुआ है। हालात इतने बेकाबू हैं कि खनिज निरीक्षक की मौजूदगी में ही रेत से लदे ट्रैक्टर फरार हो रहे हैं। अफसरों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए बाकायदा रेकी तंत्र खड़ा कर दिया गया है। सवाल बड़ा है कि क्या रेत माफिया प्रशासन से एक कदम आगे चल रहा है।
शहडोल जिले में रेत का वैध ठेका न होने का फायदा उठाकर रेत माफिया पूरी तरह बेखौफ नजर आ रहे हैं। जिलेभर में अवैध उत्खनन और परिवहन जोरों पर है, जिससे न सिर्फ राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालात ऐसे हैं कि खनिज विभाग की मौजूदगी में भी रेत माफिया खुलेआम ट्रैक्टर लेकर फरार हो रहे हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे माफिया
ताजा मामला उस वक्त सामने आया, जब खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रेत माफिया ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। निरीक्षक के अनुसार, पीछा करने के दौरान अवैध रेत से जुड़े दो बाइक सवारों ने जानबूझकर बाधा उत्पन्न की, जिससे साफ है कि माफिया पूरी तैयारी और रणनीति के साथ काम कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ‘कोई मर्द हो तो सामने आओ’: रेत कंपनी के गुर्गों ने गांव में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी और की फायरिंग, वीडियो वायरल
विभागीय मूवमेंट पर नजर माफियाओं की नजर
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रेत माफिया खनिज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित रूप से रेकी कराते हैं। इसके लिए बाकायदा गुप्तचर लगाए गए हैं, जो खनिज कार्यालय के आसपास रहकर विभागीय मूवमेंट पर नजर रखते हैं। हाल ही में खनिज अमले ने कार्यालय के सामने से एक ऐसे ही गुप्तचर को पकड़ा, जिसके मोबाइल से यह सामने आया कि वह लगातार रेत माफियाओं को खनिज विभाग की गतिविधियों की जानकारी भेज रहा था। इसके बावजूद जिले में अवैध रेत कारोबार बदस्तूर जारी है।
रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, कानून को दे रहे खुली चुनौती
खनिज विभाग को कार्रवाई करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में रेत के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे एक तहसीलदार पर भी हमले का प्रयास किया गया था। इससे पहले अवैध रेत माफियाओं की ओर से कार्रवाई के दौरान एक पटवारी और एक पुलिस एएसआई को कुचलकर मौत के घाट उतारने जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शहडोल में रेत माफिया न सिर्फ संगठित हैं, बल्कि कानून को खुली चुनौती दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: फरार आरोपी पर ‘1 रुपये’ का इनाम: काफी कोशिशों के बाद भी पकड़ में नहीं आ रहा शातिर क्रिमिनल, अब पुलिस ने किया अनोखा प्रयोग
हाल ही में एक युवक को रेकी करते हुए पकड़ा था
इस मामले में खनिज निरीक्षक अभिषेक पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी हाल में ही सिंहपुर की ओर अवैध रेत का परिवहन के रहे ट्रैक्टर का पीछा करने के दौरान बाइक सवार दो व्यक्ति कार्रवाई में बाधक बन रहे थे। इतना ही नहीं हमारे कार्यालय के सामने रेत के कारोबार से जुड़े सूचना तंत्र हमारी सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रहते है। अभी हाल में ही एक युवक को हमारी रेकी करते पकड़ा था, जिसके मोबाइल पर कई साक्ष्य भी मिले थे। बावजूद इसके खनिज अमला अवैध रेत पर लगातार कार्रवाई करते हुए इसे रोकने का पूरा प्रयास कर रहा है।

