अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में अवैध रेत का कारोबार अब लोगों की जान पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने की कोशिश में एक पटवारी और एएसआई की जान जा चुकी है। हाल ही में ब्यौहारी में रेत उत्खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार की गाड़ी को टक्कर मारने का मामला सामने आया था, अब जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में रेत परिवहन से जुड़े एक ट्रैक्टर हादसे में चालक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों और साथियों ने कथित तौर पर एक भाजपा नेता के रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाया है।
हादसा जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कौआसराई स्थित सोनू ढाबा के पास का बताया जा रहा है। जहां वार्ड नंबर-9 निवासी आकाश बैगा ट्रैक्टर लेकर रेत लेने जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर चालक आकाश बैगा की मौत हो गई। मृतक के पिता, रिश्तेदारों और ट्रैक्टर से रेत की लोडिंग अनलोडिंग करने वाले साथियों ने आरोप लगाया है कि एक कथित भाजपा नेता के दामाद द्वारा रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन कराया जा रहा था।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर हादसे में ‘गूगल मैप’ की गलती या लापरवाही? राजस्थान से ट्रक मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार, घटना के बाद कूदकर भागे थे आरोपी
आरोपों के मुताबिक, आकाश बैगा रेत लोड कराने और पहुंचाने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, अवैध उत्खनन और परिवहन में संबंधित लोगों की भूमिका, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शहडोल में अवैध रेत परिवहन को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पहले कार्रवाई करने पहुंचे सरकारी कर्मचारियों की मौत, फिर नायब तहसीलदार की गाड़ी को टक्कर मारने का कथित मामला और अब ट्रैक्टर हादसे में चालक की मौत ने एक बार फिर रेत के कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि एक ट्रैक्टर चालक की पेड़ से टकराने से मौत हो गई है, जिस पर मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

