कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और महागठबंधन के नेतृत्व पर तीखा सियासी प्रहार किया है। उन्होंने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव को अब अपनी पार्टी राजद को भंग कर देना चाहिए, क्योंकि यह दल अब अपनी आखिरी सांसें ले रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जनता दल बना और उसके बाद राष्ट्रीय जनता दल अस्तित्व में आया, लेकिन अब बाकीपुर विधानसभा चुनाव में पार्टी की जमानत तक जब्त हो चुकी है।
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को यूरोप की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं, जबकि तेजस्वी यादव केवल यूरोप घूमने जाते हैं। उन्हें बिहार की जमीनी राजनीति से कोई सरोकार नहीं है। राजद के कार्यकर्ता अब भारी संख्या में गांव-गांव से पार्टी छोड़कर जा रहे हैं और स्थिति यह है कि अब उन्हें पूछने वाला कोई नहीं बचा है।
युवाओं की पहली पसंद आज भी नरेंद्र मोदी
शाहनवाज हुसैन ने हालिया सर्वे का हवाला देते हुए दावा किया कि देश और बिहार का युवा आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी पहली पसंद मानता है। युवाओं के दिलों में पूरी तरह से नरेंद्र मोदी बसते हैं और उनका भरोसा एनडीए सरकार के विकास कार्यों के साथ मजबूती से बना हुआ है।
कानून-व्यवस्था और झारखंड सरकार पर प्रहार
बिहार में कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर राज्य में कहीं भी कोई हत्या या आपराधिक घटना होती है, तो सरकार उस पर कड़ी कार्रवाई करती है। भूमि विवाद के कारण होने वाली घटनाओं पर भी सरकार हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठी है, बल्कि पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है और आगे भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
झारखंड की राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राहुल गांधी केवल राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच वे नहीं गए और अब झारखंड में हो रही घटनाओं पर भी वे चुप्पी साधे हुए हैं। राहुल गांधी की कथनी और करनी में अंतर है और जनता सब जानती है कि वे किस प्रकार की दोहरी राजनीति कर रहे हैं।


