नारायणगढ़, राजेश वर्मा।शहजादपुर कम्युनिटी सेंटर में स्वास्थ्य विभाग अंबाला द्वारा आयोजित “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” कार्यक्रम में जागरूकता और संकल्प का अनोखा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में 450 स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के लिए सामूहिक शपथ ली।
इस विशेष संवेदीकरण कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रेनू बेरी ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के खिलाफ जमीनी स्तर पर जागरूकता को मजबूत करना था।
अवैध लिंग जांच पर स्वास्थ्य विभाग का सख्त संदेश
कार्यक्रम में बोलते हुए डॉ. रेनू बेरी ने साफ कहा कि बेटियां समाज और भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि Health Department Ambala जिले में PC-PNDT और MTP कानूनों को सख्ती से लागू कर रहा है और अवैध लिंग जांच या भ्रूण हत्या में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
विशेषज्ञों ने दी कानून और योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कार्यकर्ताओं को अवैध लिंग जांच रोकने, सुरक्षित गर्भपात कानून और बेटियों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. मुकेश कंदरा और डॉ. नीरज ने बताया कि विभाग की विशेष टीमें लगातार अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
वहीं डॉ. पल्लवी ने सुरक्षित और कानूनी गर्भपात के नियमों के साथ बेटियों के जन्म पर मिलने वाली सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी साझा की।

डॉ. गुरप्रीत सिंह ने दिलाई सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के अंतिम चरण में डॉ. गुरप्रीत सिंह ने सभी अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को सफल बनाने की शपथ दिलाई।
पूरे हॉल में बेटियों के सम्मान और शिक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश गूंजता रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

