मोहित भावसार, शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर शहर से साइबर ठगी की एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां कोर्ट में भृत्य के पद पर कार्यरत एक युवक को ऑनलाइन ऑर्डर पूरे करने पर 15 से 20 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर 31 लाख 3639 रुपये की भारी-भरकम चपत लगा दी गई। ठगी का शिकार हुए पीड़ित ने कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

ये भी पढ़ें: खाद्य विभाग का एक्शन: 71 किलो पनीर-मावा जब्त, एनालॉग की आशंका पर लिए जा रहे नमूने

फ्लिपकार्ट-अमेजन जैसी कंपनी बताकर बिछाया जाल

जानकारी के अनुसार शाजापुर के काछीवाड़ा निवासी पीड़ित योगेंद्र शर्मा की मुलाकात कोर्ट में साथ काम करने वाले साथी विक्रम चौधरी के जरिए सांपखेड़ा निवासी सुरेश प्रजापति से हुई थी।

सुरेश ने योगेंद्र को झांसा दिया कि एक ऑनलाइन कंपनी के लिए सामान की डिलीवरी का ऑर्डर पूरा करने पर 15 से 20 फीसदी तक का तगड़ा कमीशन मिलता है। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित योगेंद्र ने पैसा लगाना शुरू कर दिया।

प्लॉट बेचकर और उधार लेकर लगाए थे पैसे

आरोपी सुरेश प्रजापति ने 12 अक्टूबर 2025 से 1 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से कुल 31,03,639 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

ये भी पड़ें: MLA संजय पाठक की कंपनी से साइबर फ्रॉड, डायरेक्टर के नंबर का बनाया क्लोन, अकाउंटेंट से ट्रांसफर करवाए 1.5 करोड़

पुलिस ने शुरू की जांच, ट्रांजैक्शन खंगाल रही टीम

कमीशन और अपनी मूल रकम वापस न मिलने पर जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत कोतवाली थाने में आवेदन दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल्स और साइबर सेल की मदद से आरोपी की भूमिका व पैसों के अंतिम ठिकानों की पड़ताल में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m