अहमदाबाद: गुजरात विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य के राजनीतिक गलियारों में एक बड़े उलटफेर की आहट सुनाई दे रही है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रजा शक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख शंकरसिंह वाघेला (बापू) नौ साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं।

इस राजनीतिक हलचल की पुष्टि गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने की है। अहमदाबाद के नेहरू ब्रिज पर ईवीएम और वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आयोजित कांग्रेस के उग्र विरोध प्रदर्शन के दौरान चावड़ा ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि वाघेला लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाते रहे हैं। आगामी 2027 के चुनाव से पहले संविधान की रक्षा करने और बीजेपी का डटकर मुकाबला करने के लिए सभी समान विचारधारा वाले विपक्षी नेताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास जारी है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब कांग्रेस को एक सशक्त विकल्प के रूप में देख रही है।

वहीं, इस संबंध में खुद शंकरसिंह वाघेला ने भी स्वीकार किया है कि कांग्रेस में घर वापसी को लेकर सकारात्मक बातचीत चल रही है। उन्होंने संकेत दिया है कि वे आगामी नवरात्रि से पहले आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

आरएसएस से केंद्रीय मंत्री तक का सफर

शंकरसिंह वाघेला ने 1960-70 के दशक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में अपना सार्वजनिक जीवन शुरू किया था। 1977 में वे कपड़वंज सीट से पहली बार सांसद चुने गए। 1996 में बीजेपी से बगावत कर उन्होंने राष्ट्रीय जनता पार्टी (राजपा) बनाई और कांग्रेस के बाहरी समर्थन से गुजरात के मुख्यमंत्री बने। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था।

2004 से 2009 तक मनमोहन सिंह सरकार में वे केंद्रीय कपड़ा मंत्री रहे। वर्ष 2017 के राज्यसभा चुनाव के समय मतभेद के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ी थी। इसके बाद वे एनसीपी में रहे और हाल ही में 2024 में प्रजा शक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी का गठन किया था। अब 9 साल बाद उनकी संभावित वापसी से गुजरात में विपक्ष को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें