रोहित कश्यप, मुंगेली। जिले के नगर पंचायत जरहागांव स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में बीयर से भरे फ्रीजर के नीचे इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा यानी भारतीय चश्माधारी नाग मिलने से हड़कंप मच गया। दुकान के अंदर जहरीला सांप दिखाई देने के बाद लोगों ने सर्पमित्र सुरेंद्र कश्यप को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सर्पमित्र ने सावधानी से नाग का रेस्क्यू किया।
फ्रीजर के नीचे जगह कम होने के कारण नाग को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के दौरान नाग घायल हो गया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से डिब्बे में रखा गया और उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरहागांव ले जाया गया।

अस्पताल में कराया गया उपचार
अस्पताल पहुंचने के बाद स्टाफ के सहयोग से घायल नाग का यथासंभव उपचार किया गया। उसके घायल हिस्से पर आवश्यक औषधि लगाई गई। चिकित्सक और अस्पताल स्टाफ ने भी वन्यजीव के उपचार में सहयोग किया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाग शराब दुकान के भीतर फ्रीजर के नीचे कैसे पहुंचा। घटना के बाद यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें
सर्पमित्र और वन्यजीव प्रेमियों ने लोगों से अपील की है कि घर, दुकान, खेत या किसी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने, भगाने, घेरने या मारने की कोशिश न करें। खासकर कोबरा जैसे जहरीले सांप को छेड़ना जानलेवा हो सकता है।
ऐसी स्थिति में सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और आसपास मौजूद लोगों को भी दूर रखें। इसके बाद प्रशिक्षित सर्पमित्र, वन विभाग या संबंधित जिम्मेदार एजेंसी को सूचना दें। बिना प्रशिक्षण के सांप को पकड़ने या उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास इंसान और सांप, दोनों के लिए खतरनाक हो सकता है।
इंसान और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा जरूरी
जरहागांव की घटना में राहत की बात रही कि नाग को मारने के बजाय उसका रेस्क्यू किया गया और घायल होने पर उपचार भी कराया गया। यह घटना यह भी बताती है कि सांप के रेस्क्यू के दौरान केवल लोगों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि वन्यजीव की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।
बिना जानकारी और प्रशिक्षण के सांप को हटाने की कोशिश में दोनों के घायल होने का खतरा रहता है। इसलिए ऐसे मामलों में घबराने के बजाय दूरी बनाए रखना और विशेषज्ञों की मदद लेना ही सबसे सुरक्षित और जिम्मेदार कदम है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



