अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत भठवा मोड़ के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और कथित तौर पर शराब लदी एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक और घायल की हुई पहचान
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है।मृतक की पहचान मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पुरानी चौक निवासी वर्मा सिंह के 30 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।



वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुचायकोट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने ले आई।
पुलिस गाड़ी से शराब की बरामदगी और इस मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और छापेमारी की जा रही है। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए भी छानबीन जारी है।
तेज रफ्तार बन रही युवाओं की काल: हेलमेट मैन शाहिद
इस दुखद घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा अभियान चला रहे ‘हेलमेट मैन’ शाहिद ने कहा कि जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि 18 से 30 वर्ष की आयु के युवा सड़क हादसों में सबसे अधिक अपनी जान गंवा रहे हैं।शाहिद ने कहा कि बिना हेलमेट के बाइक चलाना और नियंत्रित गति सीमा से अधिक तेज चलना सीधे तौर पर मौत को बुलावा देना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और गति सीमा का ध्यान रखें। इसके साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की कि युवाओं को जागरूक करने के लिए सभी स्कूल और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा की अनिवार्य कक्षाएं शुरू की जाएं।


