Bihar Floods: बाढ़ से प्रभावित इलाकों और हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज बुधवार (16, सितंबर) को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्र की एक टीम बिहार पहुंची है। शिवराज सिंह चौहान ने सबसे पहले वैशाली में हाजीपुर, राघोपुर समेत बाढ़ से प्रभावित अन्य इलाकों का जायजा लिया। इसके बाद वे बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने व जायजा लेने के लिए मुंगेर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने मुंगेर जिले के नवागढ़ी और शीतलपुर क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और राहत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से की बातचीत

मुंगेर में मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमने लोगों से बातचीत की और वो यहां पर 10-12 दिनों से हैं। उन्हें अच्छे से भोजन और दवाईयां दी जा रही हैं। बिहार सरकार अपनी तरफ से सभी प्रयत्न कर रही है। केंद्र सरकार की तरफ से मुझे प्रधानमंत्री ने भेजा है। हम अभी अवलोकन कर रहे हैं, क्षति का आकलन कर रहे हैं और सारी परिस्थितियों को देख रहे हैं। यहां फसलों और मकानों का नुकसान हुआ है। पशुओं का भी नुकसान हुआ है। एक बार पूरी क्षति का आकलन करके, राज्य सरकार को केंद्र सरकार पूरी सहायता करे, इसकी व्यवस्था करेंगे। संकट है मगर केंद्र सरकार राज्य सरकार की पूरी मदद करेगी, ताकि लोगों को इस संकट से निकाला जाए।

सीएम सम्राट ने किया बड़ा ऐलान

वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि, अभी हमने लगभग साढ़े 8 लाख लोगों को प्रति परिवार 7 हजार रुपए देना शुरू कर दिया है। मुंगेर के लिए खुशखबरी यह है कि जैसे ही बरसात खत्म होगी, मुंगेर और भागलपुर के बीच लगभग 83 किलोमीटर तक सड़क (at-grade road) बनाई जाएगी। पहले यहां एलिवेटेड रोड बनाने की योजना थी लेकिन अब हमने इसे न बनाने का फैसला किया है ताकि मुंगेर और भागलपुर के बीच बाढ़ की स्थिति से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें- ‘नीतीश के लिए यह पाप धोने का समय’, जानें भाई वीरेंद्र ने पूर्व CM के लिए क्यों कही ये बात?