कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां ब्लैक आउट के दौरान अपराधियों ने एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। पूरा मामला सुलतानगंज थाना अंतर्गत मुसल परहाट सब्जी मंडी के पास का है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पीएमसीएच भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान पिंटू के रूप में हुई है, जिसकी सब्जी मंडी में मसाले की दुकान थी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।
अपराधियों ने ब्लैक आउट का उठाया फायदा
अपराधियों ने जिस समय इस घटना को अंजाम दिया, उस समय ब्लैक आउट होने के कारण पूरे इलाके की बिजली कटी हुई थी और बाजार में भी सभी ने अपनी लाइट बंद कर रखा था। ब्लैक आउट और अंधेरे का फायदा उठाते हुए अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस गोलीकांड की घटना को अंजाम दिया है। दुकानदार को गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से मुसल्लहपुर हाट के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। मौके पर पहुंची सुल्तानगंज पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, जिससे अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी हो सके। उधर दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक दुकानदार के परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- बिहार में भीषण सड़क हादसा: शिक्षिका समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत, एक घायल

