लखनऊ. देशभर में आज पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव (Shri Krishna Janmashtami 2026) मनाई जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की प्रदेशवासियों को बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘भक्ति, प्रेम और धर्म के शाश्वत आलोक, वासुदेव भगवान श्रीकृष्ण जी के पावन अवतरण दिवस ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ की सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं. भक्तवत्सल भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा से सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म एवं निष्काम कर्म के आदर्श प्रतिष्ठित हों तथा चराचर जगत में सुख, शांति, समृद्धि व लोकमंगल का विस्तार हो, यही प्रार्थना है.’

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी (Shri Krishna Janmashtami 2026) पर्व पर शुक्रवार को तीन स्थलों पर मौजूद रहेंगे. सुबह वे मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे और शाम को लखनऊ पुलिस लाइन के आयोजन में शामिल होंगे. वहीं, देर रात मुख्यमंत्री गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे.

इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : बारिश का कहर, प्रदेश के कई जनपदों में बढ़ा जलस्तर, आज इन जिलों में अलर्ट

मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर परिसर में गोपूजन करेंगे. इसके बाद दर्शन-पूजन कर लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में श्रद्धा अर्पित करेंगे. इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे.

वहीं देर रात सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में सम्मिलित होंगे. मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ के अनुसार, महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन में रात 11:30 बजे तक भजनों की प्रस्तुति निरंतर चलेगी. भजन संध्या के दौरान मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे और बच्चों को खिलौने और मिठाई भेंट करेंगे. रात 11:30 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे. ठीक 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी. इसके बाद वे भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप को पालने में झुलाएंगे.