सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। दिव्यांगजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नवागत कलेक्टर गौरव बैनल से मुलाकात की। इस दौरान दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न सम्स्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सम्मानजनक स्थआन दिलाने के लिए ठोस और जमीनी कदम उठाए जाएं।
सुप्रीम कोर्ट से अधिकृत राहुल शाह ने रखा दिव्यांगों का पक्ष
मुलाकात के दौरान दिव्यांग समुदाय का नेतृत्व कर रहे राहुल शाह ने कलेक्टर को अपनी विशिष्ट जिम्मेदारियों से अवगत कराया। राहुल शाह ने अपने दस्तावेज और प्रमाण पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि उन्हें दिव्यांग व्यक्तियों से जुड़े मामलों और न्यायिक प्रक्रियाओं के दौरान सहयोग व मार्गदर्शन के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा अधिकृत किया गया है।
राहुल शाह ने कहा कि देशभर में मूकबधिरों के अधिकारों की रक्षा करना और न्यायालयों में उनकी बात को सही ढंग से पहुंचाकर न्याय प्रणाली में सहयोग देना ही उनकी प्राथमिकता है। इसी कड़ी में वे आज सिंगरौली जिले के मूकबधिरों की आवाज बनकर कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं।
बंद पड़े विशेष विद्यालय को फिर शुरू करने की गुहार
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के समक्ष जिला प्रशासन से कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं:
- बंद स्कूल को दोबारा शुरू करना: राहुल शाह ने बताया कि सिंगरौली जिले में पूर्व में मूकबधिर बच्चों के लिए एक विशेष विद्यालय संचालित होता था, जो किन्हीं कारणों से वर्तमान में बंद पड़ा है। इसे तत्काल शुरू किया जाए ताकि जिले के सैकड़ों दिव्यांग बच्चों को शिक्षा का अधिकार और बेहतर भविष्य मिल सके।
- रोजगार और कौशल विकास (CSR फंड): दिव्यांगों ने मांग की कि जिले की औद्योगिक कंपनियों के सीएसआर (CSR) मद के माध्यम से मूकबधिर युवक-युवतियों के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
- अतिरिक्त सुविधाएं: बैठक में मौजूद अन्य दिव्यांगजनों ने अपनी बात रखते हुए रोजगार, विशेष प्रशिक्षण, ‘बेरा टेस्ट’ (BERA Test) की सुलभ सुविधा, साइन लैंग्वेज विशेषज्ञ की व्यवस्था और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के सीधे दिलाने की मांग की।
- खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां: दिव्यांगजनों के भीतर छुपी प्रतिभा को निखारने के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक मंच प्रदान करने का भी आग्रह किया गया।
कलेक्टर गौरव बैनल ने दिया सकारात्मक आश्वासन
कलेक्टर गौरव बैनल ने दिव्यांगजनों की सभी समस्याओं, सुझावों और मांगों को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को इन मांगों का परीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद दिव्यांगजनों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही उनकी बंद पड़ी शिक्षा व्यवस्था को बहाल करने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

