सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व महापौर रेनू शाह के लिए विधायक रामनिवास शाह पर की गई अभद्र टिप्पणी भारी पड़ती नजर आ रही है। प्रशासन ने पूर्व महापौर समेत 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
घटना 2 जुलाई 2026 की है, जब ग्राम परसदेही स्थित पावरग्रिड कंपनी के टावर निर्माण स्थल पर हुई दुर्घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था संभालने पहुंचे कार्यपालक मजिस्ट्रेट/तहसीलदार के सामने पूर्व महापौर रेनू शाह, राधिका उर्फ पप्पू शाह और भास्कर मिश्रा ने जमकर हंगामा किया।
यह भी पढ़ें: गजब का विरोध…सड़क पर बने तालाब में गूंजे मंत्र, अफसरों को जगाने के लिए पानी के बीच किया हवन
आरोप है कि हंगामा करने के दौरान रेनू शाह ने सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के प्रति बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें ‘नालायक’ और ‘बेशर्म’ कहकर संबोधित किया। इन तीनों आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने कार्यपालक मजिस्ट्रेट के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर शांति व्यवस्था भंग करने की भी कोशिश की।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189, 195, 221, 351 और 352 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। गौरतलब है कि इस मामले में नामजद आरोपी भास्कर मिश्रा पहले से ही आपराधिक गतिविधियों के चलते जिला बदर की कार्रवाई के दायरे में है और उस पर जिला बदर का प्रस्ताव विचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है, जिससे स्थानीय राजनीतिक गलियारों में खलबली मची हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

