कुंदन कुमार, मुजफ्फरपुर। बेलसंड विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पुलिस ने रविवार सुबह अचानक छापेमारी की। कोर्ट से सर्च वारंट लेकर पहुंची पुलिस टीम विधायक के घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही है। यह पूरी कार्रवाई दो दिन पहले हुए एक जमीन विवाद और तोड़फोड़ की घटना से जुड़ी हुई है।

​भाई पर लगा दबंगई और बाउंड्री तोड़ने का आरोप

​पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले जमीन के एक टुकड़े पर बाउंड्री तोड़े जाने को लेकर भारी विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि कई अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
​शिकायतकर्ता पक्ष का मुख्य आरोप विधायक अमित कुमार रानू के भाई पर है। आरोप है कि विधायक के भाई ने जमीन के कारोबार में अपनी दबंगई दिखाते हुए कुछ अज्ञात युवकों के साथ मिलकर मौके पर धावा बोला। खास बात यह है कि इस दौरान लोजपा (रा.) के झंडे लगी गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। घटना के वक्त पीड़ित पक्ष ने पूरी दबंगई का वीडियो भी बना लिया था, जिसे पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपा गया है।

​ लोजपा(रा.) विधायक अमित कुमार रानू की फाइल फोटो

कोर्ट के सर्च वारंट के साथ पहुंची पुलिस

​दबंगई और बाउंड्री तोड़े जाने के इस मामले में पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने माननीय न्यायालय का रुख किया। कोर्ट से विधिवत सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस बल रविवार सुबह मुजफ्फरपुर स्थित विधायक के आवास पर पहुंचा। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से इलाके के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस फिलहाल घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य सबूतों की गहनता से जांच कर रही है।