सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले में ब्रांडेड खाद्य तेल की नकली पैकिंग का मामला सामने आया है। कन्हौली थाना क्षेत्र के बेताही गांव में सोमवार को दिल्ली से आई कंपनी की जांच टीम ने पुलिस के साथ एक किराये के मकान में छापेमारी की। यहां डालडा कच्ची घानी मस्टर्ड ऑयल के नाम पर नकली पैकिंग कर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 90 भरी बोतलें, 140 खाली बोतलें और 2,405 स्टीकर बरामद किए हैं।

किराये के मकान में चल रहा था नकली पैकिंग का खेल

जानकारी के मुताबिक, कंपनी की टीम को सूचना मिली थी कि बेताही स्थित एक मकान में खाद्य तेल की री-पैकिंग कर उसे डालडा ब्रांड के नाम से बाजार में बेचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी के चीफ इन्वेस्टिगेटर रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने पुलिस के साथ छापा मारा। जांच के दौरान बरामद 140 खाली बोतलों में से 95 पर डालडा ब्रांड के स्टीकर लगे हुए थे, जबकि 45 बोतलों पर कोई स्टीकर नहीं था। इसके अलावा बड़ी संख्या में ब्रांड के स्टीकर भी मिले हैं।

असली और नकली बोतल की ऐसे होती है पहचान

कंपनी की जांच टीम के मुताबिक, डालडा की असली तेल बोतलों के ढक्कन पर ‘बंज’ लिखा होता है। जबकि छापेमारी में बरामद बोतलों के ढक्कन सादे थे और उन पर कंपनी की पहचान से जुड़ा कोई निशान नहीं था। इसी आधार पर टीम ने पैकिंग को संदिग्ध बताया।

मकान मालिक ने किरायेदार के फरार होने की बात कही
जिस मकान में छापेमारी हुई, वह स्थानीय महिला प्रेमशीला देवी का बताया जा रहा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मकान एक युवक को किराये पर दिया गया था। हालांकि, छापेमारी से पहले ही युवक वहां से फरार हो गया। फिलहाल उसकी पहचान और तलाश की जा रही है।

ट्रेडमार्क और कॉपीराइट एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

कंपनी के चीफ इन्वेस्टिगेटर रंजीत कुमार सिंह की शिकायत पर ट्रेडमार्क अधिनियम और कॉपीराइट अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने बरामद सामग्री जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले 25 मई 2025 को बैरगनिया में भी खाद्य तेल के ब्रांड की नकल का मामला सामने आया था। उस समय ‘दो फूल’ ब्रांड की नकल कर ‘डबल फूल’ नाम से तेल बेचने के आरोप में छापेमारी की गई थी।