प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी नगर निगम के तीन वार्डों में दूषित पानी के कारण पीलिया और टाइफाइड ने महामारी का रूप ले लिया है। नया पारा, रिसाई पारा और रामसागर पारा इन तीनों वार्डों में अब तक 37 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से संक्रमित हो चुके हैं। सबसे ज्यादा मासूम बच्चे चपेट में आए हैं। इन बच्चों की हालत गंभीर है।

धमतरी के नया पारा वार्ड में अकेले 20 से ज्यादा लोग पीलिया और टाइफाइड की चपेट में आ चुके हैं। हर घर में कोई न कोई उल्टी, दस्त और बुखार से तड़प रहा है। लोगों का कहना है कि देखते ही देखते पूरा वार्ड बीमारी की चपेट में आ गया है। वार्ड में फैली गंदगी और प्रशासन की लापरवाही के कारण महामारी फैली है।

वार्डवासियों ने बताया कि नया पारा वार्ड में दर्जनों अवैध डेयरियां चल रही है। इन डेयरियों का गोबर और गंदा पानी सीधे नालियों में बहाया जा रहा है, जिससे नालियां जाम हैं और गंदगी सड़क पर फैली हुई है। इसी गंदगी का नतीजा है कि नाली का यही दूषित पानी पाइपलाइन के लीकेज से होते हुए लोगों के घरों में सप्लाई हो रहे पीने के पानी में मिल रहा है और लोग मजबूरी में यही जहरीला पानी पीकर बीमार हो रहे हैं।

वार्डों में साफ-सफाई और डेयरियों को बंद करने की मांग

सिर्फ नया पारा ही नहीं, रिसाई पारा में 10 और रामसागर पारा में 7 मरीज मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। तीनों वार्डों में दहशत का माहौल है। गंदगी के इस आलम से वार्डवासियों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि आंख बंद किए बैठे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि खुद वार्ड पार्षद को सामने आकर उग्र आंदोलन की चेतावनी देनी पड़ी है। वार्ड के लोगों की सिर्फ दो मांग है। पहली पूरे वार्ड में तत्काल साफ-सफाई कराई जाए और दूसरी वार्ड के अंदर रिहायशी इलाके में चल रही सभी डेयरियों को तुरंत बंद किया जाए।

पाइपलाइन में लीकेज ढूंढने में जुटा जल विभाग

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम का जल विभाग हरकत में आया है। वार्ड में पाइपलाइन में लीकेज कहां से हो रहा है इसे ढूंढने के लिए जगह-जगह खुदाई करवाई जा रही है। अधिकारियों ने फिलहाल लोगों से अपील की है कि जब तक समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो जाता पानी को उबालकर ही पीएं।

घर-घर सर्वे और मरीजों की जांच कर रही टीम

वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर घर-घर सर्वे और मरीजों की जांच कर रही है, लेकिन बड़ा सवाल अभी भी वही है कि आखिर सिस्टम कब जागेगा? क्या धमतरी के लोगों को इसी तरह दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ेगा? क्या किसी बड़ी जनहानि के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m