कुरुक्षेत्र। जिले में पिहोवा के पास हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती Skoda Slavia अचानक आग की चपेट में आ गई। अरुणाय गांव के मोड़ के पास स्कोडा स्लाविया के बोनट से धुआं और आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। कार में सवार भाई-बहन समय रहते बाहर निकल गए, जिससे दोनों की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक, जुरासी कलां गांव निवासी हरमन सिंह अपनी बहन के साथ स्कोडा स्लाविया कार में निगदू (करनाल) गए थे। वहां वे अपने चाचा-चाची को छोड़ने के बाद वापस घर लौट रहे थे। कार हरमन की बहन चला रही थी। दोनों जैसे ही अरुणाय गांव के मोड़ के पास पहुंचे, कार के बोनट की तरफ से अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
आग दिखते ही रोक दी कार
हरमन सिंह के अनुसार, मोड़ के पास कार की गति कम थी। इसी दौरान उनकी बहन की नजर बोनट से निकल रही आग पर पड़ी। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी। दोनों भाई-बहन बिना देर किए कार से बाहर निकल गए।
उनके बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते लपटें कार के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गईं और पूरी कार धू-धूकर जलने लगी।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
कार में आग लगने की सूचना आसपास मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। आग की चपेट में आने से कार का अंदरूनी हिस्सा, सीटें और अन्य हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग बुझने के बाद मौके पर कार का अधिकांश हिस्सा जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुका था।
बड़ा हादसा टला
हादसे में कार सवार दोनों भाई-बहन ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के घायल होने या अन्य जानी नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


