सूरत: सूरत जिले के गोडावदी गांव में 24 वर्षीय कंप्यूटर इंजीनियर निधि पटेल की रहस्यमयी और बेरहम हत्या के एक सप्ताह से अधिक समय बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। 24 अगस्त की सुबह निधि का शव उसके घर की छत पर मिला था। घटना के वक्त उसके माता-पिता तीर्थयात्रा पर गए हुए थे और निधि घर पर अकेली थी। माता-पिता के लौटने पर इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में हत्या की खौफनाक साजिश और दरिंदगी की बात सामने आई है। कातिल ने निधि का गला घोंटने के लिए मोबाइल चार्जर के केबल, शॉर्ट्स की डोरी और दो प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा, मृतका के शरीर और गुप्त अंगों पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या से पहले यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई जा रही है।

किसी परिचित पर गहराया शक

मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घर में किसी के जबरन दाखिल होने या ताला टूटने का कोई निशान नहीं मिला है। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और पिछला दरवाजा खुला पाया गया। पुलिस का मानना है कि हत्यारा कोई परिचित ही था, जिसके लिए निधि ने खुद दरवाजा खोला होगा, या फिर वह घर की हर गतिविधि से अच्छी तरह वाकिफ था।

60 पुलिसकर्मियों की टीम जांच में जुटी

मांडवी पुलिस की शुरुआती विफलता के बाद सूरत के एसपी राजेश गढ़िया ने एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है। एएसपी अक्षेश इंजीनियर के नेतृत्व में 60 पुलिसकर्मियों की टीम दिन-रात जांच में जुटी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और सर्विलांस टीम निधि के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स व सीडीआर (CDR) खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m