भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर की स्थित स्थिर है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए सऊदी अरब के एक अस्पताल से UAE एयरलिफ्ट किया गया है. बीजेपी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कैप्टन स्मित माछर की दुनिया भर में तारीफ हो रही है, लेकिन विपक्ष को वक्त नहीं है. राहुल गांधी तमाम मुद्दों पर ट्वीट कर रहे हैं, लेकिन कैप्टन स्मित को लेकर एक शब्द नहीं कहा. गौरतलब है कि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कैप्टन स्मित की तारीफ करते हुए कहा कि मैं उन्हें बधाई देता हूं. अपनी जान की परवाह किए बिना, उन्होंने 180 लोगों की जान बचाई. हमारे देश को ऐसे बहादुर लोगों की जरूरत है. मैं उनके माता-पिता और परिवार के सदस्यों को बधाई देता हूं.
कैप्टन स्मित के परिवार वालों से मिले दूतावास के अधिकारी
दुबई में भारत के दूतावास ने कहा कि UAE में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और कॉन्सल जनरल डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन स्मित माछर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को कैप्टन की सेहत और उनके ठीक होने के बारे में जानकारी दी. साथ ही बताया कि दूतावास और कॉन्सुलेट UAE के अधिकारियों के संपर्क में हैं, और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. फिलहाल UAE के अटॉर्नी जनरल ने फ्लाई दुबई प्लेन की घटना की जांच के आदेश दिए हैं और यह पता लगाने को कहा है कि क्या इसका संबंध किसी आतंकवादी गतिविधि से है.
गंभीर रूप से घायल है माछर
माच्छर का इलाज करने वाले दंत चिकित्सक डॉ शोता मोसेव ने कहा कि हमले के बाद पायलट की हालत गंभीर थी, उनके सिर और हाथों में गहरे घाव थे और काफी खून बह गया था. मोसेव ने कहा, “उसके शरीर पर गहरे घाव थे. उसका सिर और हाथ बुरी तरह से कट गए थे, मानो 2 टुकड़ों में बंट गए हों. उसकी हालत गंभीर थी, शायद जानलेवा नहीं, लेकिन खून की कमी के कारण गंभीर थी.”
कैप्टन स्मित माछर को मिलेगा अवॉर्ड
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि आज पूरी दुनिया कैप्टन स्मित माछर के साहस को सलाम कर रही है. गुजरात के इस बहादुर बेटे ने अपनी वीरता से दुनिया भर में गुजरात और देश का नाम रोशन किया है. उनकी असाधारण बहादुरी और इंसानियत के काम के सम्मान में, गुजरात सरकार उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ देगी. पूरा गुजरात उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा है.
नेतन्याहू का दावा- ईरान का समर्थन हासिल है
इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में दावा किया कि हमने ब्रिटेन को खुफिया जानकारी दी थी कि हमला होने वाला है और इसे ईरान का समर्थन हासिल है.
पीएम मोदी ने कहा- कैप्टन स्मित ने 9/11 होने से बचा लिया
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित माछर की तारीफ की है. उन्होंने यूपीएससी के कार्यक्रम में स्पीच शुरू करते हुए कहा कि इजराइल के पीएम नेतन्याहू ने कहा कि एक हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया. स्मित का पराक्रम गौरव से भर देता है. पूरी दुनिया उन पर गर्व कर रही है. मैंने उनके पिता भूपेंद्र भाई, मां गीता और पत्नी सोनल से मेरी बातचीत हुई है. आज पूरी दुनिया उनपर गर्व कर रही है. मैं देशवासियों से प्रार्थना करता हूं कि स्मित के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें. भारत के गौरव को बढ़ाने वाले स्मित का अभिनंदन करें.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

