अमेठी. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. बुधवार को गौरीगंज से समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया. उनके साथ विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भी बीजेपी में शामिल हुए.

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने सपा और कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने समाजवादी पार्टी की साइकिल पंचर कर दी है. उन्होंने इसे 2027 के चुनाव के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश बताया.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: यूपी के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित

सपा की साइकिल पंचर होने का दावा

स्मृति ईरानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की साइकिल पहले ही पंचर हो चुकी है. अब पार्टी रसातल में जाने की ओर बढ़ रही है. उन्होंने सपा विधायकों के बीजेपी में शामिल होने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. स्मृति ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सामने विपक्ष की चुनौती कमजोर पड़ रही है.

कांग्रेस के नेतृत्व पर उठाए सवाल

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अमेठी इस बात की गवाह है कि कांग्रेस का सर्वोच्च परिवार अपने दम पर अपने क्षेत्र में चुनाव नहीं लड़ सकता. ऐसे में वह देश का नेतृत्व कैसे करेगा? उन्होंने कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति पर आत्ममंथन करने की सलाह दी.

चुनाव आयोग पर आरोप लगाने को लेकर घेरा

बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर आरोप लगाने के बजाय अपनी हार के कारणों पर विचार करना चाहिए. उन्होंने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया. स्मृति ईरानी ने कहा कि हार के बाद जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने इसे लोकतंत्र का अपमान बताया.

इसे भी पढ़ें- UP Panchayat Election: 3 महीने में पंचायत चुनाव कराने को तैयार सरकार, ओम प्रकाश राजभर बोले- दिक्कत कहां है?

राष्ट्रहित और लोकतंत्र का किया जिक्र

स्मृति ईरानी ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विपक्ष में रहते हुए भी राष्ट्र की सेवा की है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने कभी संविधान और भारत माता के सम्मान से समझौता नहीं किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है. स्मृति ने चेतावनी दी कि राष्ट्रहित और लोकतंत्र के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा.