लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी में 24 घंटे बाद तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. वहीं, 16 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों और आसपास के मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं. दूसरी ओर, लखनऊ समेत कई जिलों में बाढ़ और जलभराव से जनजीवन प्रभावित है.

इसे भी पढ़ें- नीला ड्रम हत्याकांड: DNA टेस्ट तक कराने को तैयार नहीं सौरभ का परिवार, जानिए जेल में जन्मी बच्ची का अब क्या होगा?

पश्चिमी यूपी में बारिश, 16 अक्टूबर को पूर्वांचल में असर

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. 16 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों और आसपास के मध्यवर्ती जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या बारिश होने का अनुमान है. हालांकि, 17 अक्टूबर के बाद प्रदेश में मौसम फिर शुष्क हो सकता है.

लखनऊ में बाढ़ से हालात गंभीर, मंदिर बंद

लखनऊ, गोंडा और सीतापुर में बाढ़ और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लखनऊ के कई इलाकों में सड़कों पर पानी बह रहा है और गलियां जलमग्न हैं. रिवर फ्रंट क्षेत्र में भी पानी भरने से स्थिति गंभीर बनी हुई है. जलभराव के कारण चंद्रिका देवी मंदिर को बंद करना पड़ा है. सड़कों पर पानी जमा होने से आवाजाही प्रभावित है और लोगों को जरूरी सामान जुटाने में परेशानी हो रही है.

40 हजार से ज्यादा घरों में घुसा पानी

बाढ़ के कारण 40 हजार से अधिक घरों में तीन से चार फीट तक पानी भरने की खबर है. इससे तीन लाख से ज्यादा लोगों की आबादी प्रभावित बताई जा रही है. कई परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट है. लगातार जलभराव से गंदगी और बीमारियां फैलने का डर भी बना हुआ है.

इसे भी पढ़ें- ‘ना दया, ना रियायत, सीधा मौत का फरमान…’ महाभारत का हवाला देते हुए कोर्ट ने साहिल-मुस्कान को सुनाई फांसी की सजा

दिन में धूप, रात के तापमान में गिरावट के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना कम रहने का अनुमान है. आसमान साफ रहने से दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात में ठंडक बढ़ने की संभावना है. नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 अक्टूबर के बाद फिर शुष्क मौसम रहने के आसार हैं.