वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बेना थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लीटर देसी चुलाई शराब भी बरामद की है।

सूचना के आधार पर कार्रवाई

बेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि पैठना मल बिगहा खंध स्थित पावर हाउस रोड इलाके में अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मेहंदी बिगहा निवासी संतोष कुमार, पिता कपिलदेव यादव, थाना चंडी, जिला नालंदा को 80 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

छानबीन में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि देसी चुलाई शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- करोड़ों खर्च होने के बाद भी अंधेरे में शहर! सवालों के घेरे में सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद का ‘विकास मॉडल’