प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के सूरत दौरे के दौरान सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी ₹18,800 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सूरत की सर्कुलर वॉटर इकोनॉमी आज देशभर में चर्चा का विषय बन रही है और शहर की आने वाले कई दशकों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए तापी बैराज प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि इन नई परियोजनाओं से सूरत के विकास को नई रफ्तार मिलेगी और भारत “इकोनॉमी भी, इकोलॉजी भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए विकास और सुशासन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला
पीएम मोदी ने कहा- “आज देश में कुछ निराशावादी लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हैं। ये वे लोग हैं जिन्होंने हमेशा भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा। वे लोग भूल जाते हैं कि दूसरों पर निर्भर देश कभी भी विकास की वो ऊंचाई प्राप्त नहीं कर सकता जिसका वो हकदार है। भारत नकारात्मकता से आगे निकल चुका है। यह आशावाद से भरा हुआ और असाधारण आकांक्षाओं से प्रेरित राष्ट्र है। भारत के नागरिक सपनों और दृढ़ संकल्प से भरे हुए हैं, और जनता उस संकल्प को वास्तविकता में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। जब राष्ट्र की सामूहिक इच्छाशक्ति इतनी दृढ़ होती है, तो वह किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। आप दो कदम चलेंगे, मैं तीन कदम चलने के लिए तैयार हूं। रूकना और थकना हमें मंजूर नहीं है। किसी पार्टी को इतने लंबे समय तक जनता का आशीर्वाद नहीं मिला। जनता ने हमारे सेवा-भाव को समर्थन दिया है। हमें विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करना है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज दुनिया अभूतपूर्व चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। कुछ समय पहले मैंने कहा था कि यह दशक दुनिया के लिए आपदा का दशक सिद्ध हो रहा है। हमने एक के बाद एक कई वैश्विक आपदाएं देखी हैं। पहले COVID-19 का बड़ा संकट आया; फिर जगह जगह युद्ध शुरू हो गए और अब ऊर्जा का इतना बड़ा संकट। इसने पूरी दुनिया में अस्तव्यस्त कर दिया है। दुनिया भर में पेट्रोल की कीमतों में उतार-चढ़ाव हो रहा है और गैस सप्लाई चेन चरमरा रही है। मुझे इस बात का संतोष है कि 140 करोड़ भारतीयों की साझा प्रयास से देश हर ऐसे संकट का मजबूती से सामना कर रहा है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं, “हमारी सरकार देश के विकास को टॉप प्रायोरिटी देते हुए काम कर रही है। यही कारण है कि देश भाजपा और उसके विकास के कार्यों पर भरोसा करता है, और यही कारण है कि जनता बार-बार भाजपा को जनादेश देती है। मैं हाल ही में पांच देशों के दौरे पर था, और वहां भी हर तरफ बंगाल की ही चर्चा थी। हर कोई बंगाल के बारे में बात कर रहा था। बंगाल, असम और पुडुचेरी में हुए चुनावों में भाजपा और एनडीए को भारी जनादेश मिला है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा- “बीते 12 साल से कांग्रेस भारत में अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अवसर तलाश रही है, लेकिन देश की जनता ने उसे बार-बार मुंहतोड़ जवाब दिया है। गुजरात की जनता ने कांग्रेस को हाशिये पर धकेल दिया है, लेकिन जहां कांग्रेस सरकारें हैं, वहां भी जनता पार्टी के कुशासन से तंग आ चुकी है। अभी हाल ही में हिमाचल प्रदेश में भी स्थानीय निकाय चुनाव हुए। वहां कांग्रेस सरकार होने के बावजूद पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार दिया है। इससे पहले, कांग्रेस हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव हार गई थी, और पंजाब की जनता ने भी पार्टी को स्पष्ट संदेश दिया है कि अराजकता के बीच अवसर तलाशने की कांग्रेस की राजनीति नहीं चलेगी। कर्नाटक की जनता में कांग्रेस सरकार को लेकर भारी असंतोष है, और यही कारण है कि पार्टी को वहां अपना मुख्यमंत्री बदलना पड़ा।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

