सोनीपत। सोनीपत के अकबरपुर बारोटा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 10 महीने के बच्चे की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि बच्चे की मां ने उसे दूध पिलाकर सुलाया था। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी सो गए।

जानकारी के अनुसार, गांव बारोटा में अनिल अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता है। बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच उसकी पत्नी, मां और बच्चे कमरे में मौजूद थे। अनिल का 10 महीने का बेटा समीर भी वहीं था। मां ने दूध पिलाने के बाद समीर को सुला दिया और खुद भी उसके पास सो गई।

कमरे में रोजमर्रा के घरेलू इस्तेमाल के लिए पानी से भरा एक टब रखा हुआ था। परिवार के मुताबिक, टब में अक्सर पानी भरा रहता था। इसी दौरान सोया हुआ बच्चा अचानक उठ गया और गुड़लियां चलते हुए पानी से भरे टब के पास पहुंच गया।

बताया गया कि बच्चा टब को पकड़कर खड़ा होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका मुंह पानी में चला गया और वह बाहर नहीं निकल सका। परिवार के सभी सदस्य उस समय सो रहे थे, जिसके कारण किसी को घटना का पता नहीं चला।

करीब एक घंटे बाद जब परिवार की नजर बच्चे पर पड़ी तो वह पानी के टब में डूबा हुआ मिला। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

2020 में हुई थी अनिल की शादी

अनिल ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी और समीर का जन्म सोनीपत के सिविल अस्पताल में हुआ था। उसका एक बड़ा बेटा भी है, जिसकी उम्र करीब चार वर्ष है।

अनिल ने बताया कि वह तीन भाई हैं। माता-पिता समेत पूरा परिवार किराए के मकान में अलग-अलग कमरों में रहता है। परिवार मूल रूप से बिहार के गांव मदार का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से सोनीपत में रहकर नौकरी करते हुए परिवार का पालन-पोषण कर रहा है।

बच्चों के साथ खेलने वाला था समीर

अनिल की मां ने बताया कि दोनों बेटों के छोटे बच्चे आपस में काफी खेलते और मस्ती करते थे। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों को इस बात का भी पछतावा है कि यदि कमरे में पानी से भरा टब नहीं रखा होता तो शायद यह हादसा नहीं होता और आज उनका बच्चा उनके बीच होता।

कुंडली थाना पुलिस के अनुसार, बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।