संजीव, सोनीपत। राजकीय पॉलिटेक्निक में 7 सितंबर को नशा रोकथाम एवं जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के स्टेट नोडल ऑफिसर और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के विभिन्न रूपों और इसके कारण शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक बनाना है।

4,800 अभियानों के जरिए लोगों को किया गया जागरूक

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार, सामाजिक संबंधों और समाज पर प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 4,800 नशा रोकथाम अभियानों के माध्यम से युवाओं और आमजन को जागरूक किया जा चुका है। मानव सेवा के क्षेत्र में योगदान देते हुए उन्होंने स्वयं 185 बार रक्तदान किया है, जो भारत में किसी पुलिस अधिकारी द्वारा सर्वाधिक व्यक्तिगत रक्तदान के रूप में दर्ज है।

युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाने का आह्वान

डॉ. वर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और समय का उपयोग शिक्षा, खेल, समाज सेवा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को खुद नशे से दूर रहने और अपने साथियों व समाज को भी इसके खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक में हर महीने नशा रोकथाम से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

चरित्र निर्माण और स्वास्थ्य पर संस्थान का जोर

राजकीय पॉलिटेक्निक, सोनीपत के प्रिंसिपल प्रवेश सांगवान ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, चरित्र निर्माण और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग है। उन्होंने बताया कि संस्थान में नशा रोकथाम एवं जागरूकता के लिए प्रत्येक माह कम से कम एक गतिविधि जरूर आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति निरंतर जागरूक करना वर्तमान समय की जरूरत है।

विद्यार्थियों ने लिया नशा-मुक्ति का संकल्प

प्रिंसिपल प्रवेश सांगवान ने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव रख सकते हैं। इस कार्यक्रम में संस्थान के पंकज मलिक, कुलदीप गुलिया, सोहन लाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को बचाने और समाज में नशा-मुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m