संजीव, सोनीपत। लिवान गांव में कंपनी में काम करने वाले युवकों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे हरदोई निवासी हरिशंकर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल हरिशंकर की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। झगड़े में चार अन्य युवक भी घायल हुए हैं। राई थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विवाद के बीच पहुंचे थे हरिशंकर

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी हरिशंकर कुछ समय पहले रोजी-रोटी की तलाश में सोनीपत आए थे। वह लिवान गांव में किराए पर रहकर एक कंपनी में काम करते थे।

बीती देर रात कंपनी में काम करने वाले कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि हरिशंकर विवाद में एक युवक का पक्ष लेते हुए बीच-बचाव करने पहुंचे थे।

लाठी-डंडों से किया हमला

आरोप है कि इसी दौरान कुछ हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने हरिशंकर पर हमला कर दिया। लाठियों से किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हरिशंकर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद लिवान गांव में सनसनी फैल गई।

चार अन्य युवक भी घायल

झगड़े में चार अन्य युवक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और हमले में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच और पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम और जांच के बाद मामले की पूरी तस्वीर साफ होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m