संजीव, सोनीपत। पुलिस ने 22 अक्टूबर को गोहाना के नालंदा इंटरनेशनल स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 500 विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी, पासवर्ड, पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त ममता सिंह, आईपीएस, एडीजीपी के दिशा-निर्देश और पुलिस उपायुक्त गोहाना विक्रांत भूषण, आईपीएस के निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत हुआ। स्कूल के प्रिंसिपल सुभाष और स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

पुलिस ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके

कार्यक्रम का नेतृत्व साइबर थाना गोहाना के प्रभारी इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने किया। टीम में एसआई संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल हरेंद्र और कांस्टेबल दीपक शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी। उन्हें संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज और ऑनलाइन संदेशों से सतर्क रहने को कहा गया।

परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं जागरूकता का संदेश

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उनसे व्हाट्सऐप, फेसबुक और टेलीग्राम के स्टेटस के जरिए साइबर अपराधों से बचाव के संदेश साझा करने की अपील की गई। इस पहल का उद्देश्य जागरूकता संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरत सकें।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें संपर्क

सोनीपत पुलिस ने आमजन से ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। पुलिस ने विद्यार्थियों और आमजन से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m