सोनीपत: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने सोनीपत के बहालगढ़ में तैनात उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के एक असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) को ₹2 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रेम के रूप में हुई है, जो हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRNL) के तहत कार्यरत था।
₹7 लाख में तय हुआ था सौदा
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने परिसर में नया बिजली मीटर कनेक्शन और बिजली का खंभा (पोल) लगवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस काम के एवज में आरोपी ALM प्रेम ने कुल ₹7 लाख की भारी-भरकम रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह आरोपी को पहले ही ₹5 लाख की राशि दे चुका था, लेकिन आरोपी लगातार बची हुई रकम के लिए दबाव बना रहा था।
विजिलेंस की टीम ने बिछाया जाल
रिश्वत की रकम से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को दी। शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी प्रेम को बहालगढ़ में ₹2 लाख की बची हुई घूस की रकम थमाई, वैसे ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट और गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए गए हैं।
FIR दर्ज, अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच जारी
इस मामले में कार्रवाई करते हुए रोहतक स्थित SV&ACB थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा (FIR No. 29, दिनांक 19.09.2026) दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में UHBVN बहालगढ़ में ही तैनात एक क्लर्क (बाबू) और एक अन्य कर्मचारी की भूमिका भी संदिग्ध है। फिलहाल इन दोनों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है, हालांकि इन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पहचान गुप्त रखकर करें शिकायत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 या ACB हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



