सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के मुडलाना गांव में शनिवार को एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। चारों के शव घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिले। पुलिस के मुताबिक, महिला ने पहले बच्चों को जहर दिया और फिर उन्हें फंदे पर लटका दिया। इसके बाद महिला ने भी आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मृतकों की पहचान रीमा (37), उनकी बेटियों रिहाना (11) और आरजू (7) तथा बेटे दुष्यंत (4) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस, एसीपी राजीव और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

ड्यूटी से लौटे पति ने देखा

पुलिस के मुताबिक, रीमा के पति जयदेव जेबीटी शिक्षक हैं। उनकी ड्यूटी पानीपत जिले के मतलौडा में है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वह ड्यूटी से घर लौटे। घर में पत्नी और बच्चे नहीं मिले तो वह पहली मंजिल पर बने कमरे में पहुंचे। वहां चारों के शव मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाया। घटना के समय रीमा की सास अपने मायके गई हुई थीं।

सुसाइड नोट की जांच कर रही पुलिस

एसीपी राजीव ने बताया कि रीमा के भाई कपिल की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, चारों शवों का पोस्टमॉर्टम अगले दिन कराया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रीमा ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m