अनमोल मिश्रा, सतना। Satna Police Goa Trip: मध्य प्रदेश में लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) की खबर का बड़ा असर हुआ है। सतना में एक महिला की तलाश करने के नाम पर पति से पैसे ऐंठ कर गोवा ट्रिप करने वाले पुलिस कर्मियों पर गाज गिर गई है। एसपी ने दो प्रधान आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।
बता दें कि सतना में लापता महिला की तलाश को लेकर पुलिस की कर प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि पत्नी की खोज के नाम पर उसे आर्थिक बोझ उठाने के लिए मजबूर किया गया। 11 मार्च को लापता महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
यह भी पढ़ें: पत्नी की सर्चिंग के बहाने पुलिस की गोवा ट्रिप: पति से बुक करवाई टिकट, लगा दिया 65 हजार का चूना
पीड़ित के मुताबिक शुरुआती दिनों में पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कुछ समय बाद एक पुलिसकर्मी ने महिला की लोकेशन गोवा में होने की बात कह कर वहां चलने के लिए राजी किया। आरोप है कि इस यात्रा का पूरा खर्च पति से ही कराया गया। करीब 65 हजार खर्च हो गए, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिस पर सतना एसपी हंसराज सिंह ने सिविल लाइन थाना के दो प्रधान आरक्षक निरंजन मेहरा व रंजीत सिंह को लाइन अटैच कर मामले की जांच सीएसपी को सौंपी है।

