बागपत. कोतवाली क्षेत्र के मुगलपुरा में बिजली विभाग की टीम पर पथराव हुआ है. टीम यहां पर फॉल्ट ठीक करने आई थी.
इस बीच कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई. साथ ही पथराव भी किया गया. पथराव करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें देखा जा सकता है कि युवक पत्थर फेंक रहा है. वीडियो में महिला भी दिख रही है जो उसे रोक रही है. मकान की छत से टीम पर पथराव किया गया. जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की खबर है.
बता दें आज ही लखनऊ में भी बिजली विभाग की टीम पर हमला हुआ. टीम मौके पर बिजली चोरी की जांच करने गई थी. जहां हमलावरों ने टीम के सदस्यों को दौड़ाकर पीटा. इतना ही नहीं जेई पर पालतू कुत्ता भी छोड़ा गया. कुत्ते के हमले में जेई गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं हमले में कुल 5 बिजली कर्मी घायल बताए जा रहे हैं. जेई अशोक कुमार ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इसे भी पढ़ें : कहां हैं वो ‘खुफियाजीवी’ लोग? CBSE मामले को लेकर अखिलेश का निशाना, कहा- जांच से कुछ हासिल नहीं होगा, सिस्टम तो वही है
बता दें कि इन दिनों यूपी में बिजली का मुद्दा चर्चा में है. आपूर्ति लेकर लगातार अलग-अलग क्षेत्रों से शिकायतें आ रही हैं. कहीं बिजली घरों का घेराव किया जा रहा है. तो कहीं पर धरना प्रदर्शन हो रहा है. सभी की मांग निर्बाध बिजली आपूर्ति है. लोगों की शिकायत है कि कई क्षेत्रों में घंटों-घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो रही है. लंबे समय तक कटौती के नाम पर बिजली गुल रखी जा रही है.
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव सरकार पर लगातार हमलावर हैं. बुधवार को ही उनका एक बयान सामने आया जिसमें वे कह रहे हैं कि ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते हैं. अगर आते हैं तो माननीय से अनुरोध है कि उनके ‘कंधे पर हाथ रखकर’ एक तस्वीर आप पोस्ट कर दीजिए, जनता को आपकी ‘आपसी गर्मी’ से तो राहत मिल जाएगी क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं. उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बिजली के सब-स्टेशनों पर पीएसी लगती है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठी लिखकर, जनता के आक्रोश से बचने का कायराना काम करते हैं.

