अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) को लेकर उठे विवाद ने अब राजनीतिक और छात्र संगठनों का रूप ले लिया है। परीक्षा प्रक्रिया और उत्तर-कुंजी में कथित गड़बड़ियों के विरोध में गुरुवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भिवानी में जोरदार प्रदर्शन किया और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष का पुतला फूंककर रोष जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांगायन ने शिक्षा बोर्ड प्रशासन और राज्य सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
‘एचटेट ने बोर्ड के दावों की पोल खोल दी’
मंजीत लांगायन ने कहा कि मई 2026 में शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष के पदभार संभालने के बाद परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन हाल ही में संपन्न एचटेट परीक्षा में सामने आए विवादों ने इन दावों की वास्तविकता उजागर कर दी है।
उन्होंने कहा कि प्रश्न-पत्र और उत्तर-कुंजी को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई गंभीर आपत्तियों ने परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला’
एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि शिक्षक बनने का सपना लेकर लाखों युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। यदि ऐसी महत्वपूर्ण परीक्षा विवादों में घिर जाती है तो इससे केवल अभ्यर्थियों का ही नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र की साख को नुकसान पहुंचता है।
एनएसयूआई की प्रमुख मांगें
० परीक्षा से जुड़ी सभी शिकायतों की स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
० परीक्षा प्रक्रिया में लापरवाही या गड़बड़ी के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
० उत्तर-कुंजी और परीक्षा प्रक्रिया में पाई गई त्रुटियों को तत्काल सुधारा जाए।
० योग्य अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
सरकार पर भी साधा निशाना
एनएसयूआई ने भाजपा सरकार की भर्ती और रोजगार नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के दावे तो करती है, लेकिन बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं पर विवाद सामने आ रहे हैं। संगठन ने कहा कि केवल बयान देने से युवाओं का विश्वास नहीं जीता जा सकता, इसके लिए ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे हरियाणा में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। संगठन ने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान ऋतिक राणा, संदीप, जतिन, सचिन, इमरान, इरफान खान, कुणाल, साहिल, आर.के., पवन, मोहम्मद, यश और सुनील सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता और अभ्यर्थी मौजूद रहे।

