रोहित कश्यप,मुंगेली। जिले के बरेला नगर पंचायत स्थित स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान सातवीं कक्षा का छात्र हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में छात्र वैभव जायसवाल के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उपचार जारी है।
पढ़िए पूरी खबर
बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे स्कूल परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान छात्र परिसर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि स्कूल परिसर में हाईटेंशन तार जैसी संवेदनशील जगह मौजूद होने के बावजूद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इसी लापरवाही के चलते यह गंभीर हादसा हुआ।
शिक्षा विभाग की टीम पहुंची स्कूल, जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग भी हरकत में आया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विमित्रा धृतलहरे स्कूल पहुंचीं और घटना की जानकारी लेते हुए मौके की स्थिति का जायजा लिया। विभागीय स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कारण बताओ नोटिस जारी
जिला शिक्षा अधिकारी एल पी डाहिरे ने बताया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली की ओर से माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के संस्था प्रमुख/प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में विद्यालय परिसर में असुरक्षित आयोजन और हाईटेंशन तार के पास विद्यार्थियों की मौजूदगी को सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी बताया गया है।
स्कूल प्रबंधन से चार प्रमुख बिंदुओं पर मांगा जवाब
सुरक्षा मानकों में चूक किस स्तर पर हुई, जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई, घायल छात्र के उपचार के लिए स्कूल प्रबंधन क्या सहायता दे रहा है और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए तत्काल एवं स्थायी सुरक्षा व्यवस्था के क्या कदम उठाए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को पत्र प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो मान्यता पर भी कार्रवाई
नोटिस में साफ चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। इसमें विद्यालय की मान्यता रद्द करने और प्रबंधन के विरुद्ध वैधानिक दंडात्मक/पुलिस कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजने की बात कही गई है।

डीईओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना छात्र का हाल
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे और बीईओ विमित्रा धृतलहरे बिलासपुर के निजी अस्पताल पहुंचकर घायल छात्र वैभव जायसवाल का हाल जाना। उन्होंने छात्र के परिजनों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली। शिक्षा विभाग की ओर से छात्र को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल छात्र की हालत गंभीर है और बिलासपुर में उसका उपचार जारी है।
दूसरी ओर इस पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था, हाईटेंशन तार के आसपास विद्यार्थियों की मौजूदगी और कार्यक्रम के दौरान बरती गई सावधानियों को लेकर शिक्षा विभाग की जांच जारी है। जांच के बाद जिम्मेदारी तय होने और आगे की कार्रवाई पर तस्वीर साफ होगी।
बीईओ विमित्रा धृतलहरे ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के तरफ से कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया गया है, जिसके सम्बन्ध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी l
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



