सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण का सुगौली नगर पंचायत विकास के बजाय झगड़ा और राजनीति का अखाड़ा बन गया है। वही मुख्य पार्षद की जगह पर उनके दबंग पति के लगातार बैठक में शामिल होने बड़े निर्णय लेने के लिए अधिकारियों और वार्ड पार्षद पर दबाव देने का मामला लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

हंगामे का वीडियो वायरल

सुगौली नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद के बजाय उनके पति अली हसन के कार्यालय में मौजूदगी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से विभिन्न योजनाओं को लेकर चल रही मीटिंग को लेकर पार्षदों ने फिर से जमकर बवाल काटा है। नगर पंचायत अध्यक्ष पति अली हसन और वार्ड पार्षदों के बीच हुए हंगामा व तू-तू मैं-मैं का वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ पार्षद नगर पंचायत अध्यक्ष पति अली हसन पर मनमानी करने और जबरन काम के लिए दबाव डालने का आरोप भी वीडियो मे लगाते हुए दिख रहे हैं।

मुख्य पार्षद और उनके पति का बयान

वहीं, इस पूरे प्रकरण पर मुख्य पार्षद पति अली हसन ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि, हम एक पार्षद पति के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी है और विकास के कार्यों में भाग लेना अधिकारियों से बात करना यह मेरा नैतिक अधिकार है। इससे हमको कोई वंचित नहीं कर सकता है, जो पार्षद हंगामा कर रहे हैं, उन्हें विकास कार्यों से नफरत है।

उन्होंने बताया कि, हंगामा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करना इन लोगों की एक साजिश है। वहीं, हंगामे को लेकर मुख्य पार्षद नसरीन अली ने कहा कि, मेरे पति और मेरे बढ़ते पद को लेकर विरोधियों में घबराहट है। कुछ लोगों द्वारा आरोप लगाकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- बिहार में मौसम का डबल अटैक: कहीं तेज गर्मी, तो कहीं बारिश के साथ आंधी का खतरा, जानें अपने शहर का हाल